महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में तथा प्रशासनम् इंस्टीट्यूट भिण्ड के माध्यम से विगत डेढ़ माह से पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा हेतु जिलेभर से चयनित आधा सेकंडा से अधिक बालिकाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण चल रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री महेंद्र सिंह अंब ने बताया कि बालिकाओं को शासन द्वारा मुफ़्त में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि किसी भी गरीब परिवार की बेटी संसाधनों के अभाव में तैयारी से वंचित नहीं रहनी चाहिए। जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। जिनके पास संसाधन का अभाव है शासन-प्रशासन ऐसे प्रत्येक व्यक्ति के साथ खड़ा है।
इस दौरान बाल संरक्षण अधिकारी श्री अजय सक्सेना ने बताया कि बालिकाओं को परीक्षा पास करने के बाद निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
पुलिस भर्ती परीक्षा का शैक्षणिक प्रशिक्षण देने वाले प्रशासनम् इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक श्री धर्मेन्द्र सिंह तोमर एवं एकेडमिक डायरेक्ट श्री अमित आज़ाद तथा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री आनंद सिंह भदौरिया ने संयुक्त रूप से बताया कि संस्थान पर बालिकाओं की नियमित कक्षाएं एवं साप्ताहिक टैस्ट कराए जा रहे हैं, त्योहार नजदीक होने के बाद भी सभी बालिकाएं मेहनत कर रही हैं। आज बेटियां पुलिस फोर्स में जाकर भिण्ड का मान बढ़ाने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं।
इस दौरान आधा सैकड़ा अभ्यर्थियों के अलावा संस्था मैनेजर श्री अमित शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


