जिला रोजगार कार्यालय एवं मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला गुना के सहयोग से जीडीएक्स ग्रुप, ग्रेटर नोएडा द्वारा भारत सरकार के पसारा एक्ट 2005 के तहत सुरक्षा जवानों के 250 एवं सुपरवाइजर के 30 पदों पर भर्ती के लिए जनपद पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 27 अक्टूबर को जनपद पंचायत आजीविका भवन गुना तथा 28 अक्टूबर 2026 को सांदीपनी विद्यालय फतेहगढ़ (बमोरी) में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है।
सुरक्षा जवान के पद के लिए अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता 10 वीं पास, आयु 18 से 45 वर्ष, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 52 से 96 किलोग्राम होना चाहिए। वहीं, सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक एवं कंप्यूटर का ज्ञान, आयु 22 से 40 वर्ष, ऊंचाई 170 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 90 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी अपनी 10 वीं की अंकसूची, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित शिविर में स्वयं उपस्थित होकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन फॉर्म के लिए 250 रुपये का शुल्क केवल चयनित उम्मीदवारों से लिया जाएगा। अन्य जिलों के युवा भी निर्धारित शिविर स्थलों पर उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।
चयनित युवाओं को जीडीएक्स ग्रुप के ट्रेनिंग सेंटर, एनआईएमटी कैंपस, नजदीक परी चौक मेट्रो स्टेशन, ग्रेटर नोएडा में 20 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके उपरांत मध्यप्रदेश के विभिन्न बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में 16,000 से 22,000 रुपये तक मासिक वेतन पर नौकरी का अवसर मिलेगा। भर्ती अधिकारी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को 58 वर्ष की आयु तक स्थायी नौकरी के साथ पीएफ, पेंशन, जीवन बीमा, परिवार के लिए मेडिकल सुविधा, वार्षिक वेतन वृद्धि, लोन एवं पदोन्नति जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। ड्यूटी के दौरान रहने एवं भोजन की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक युवा भर्ती अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार सरगरा के मोबाइल नंबर 9289153551 एवं 9799414022 पर संपर्क कर सकते हैं।


