जिस रास्ते पर रोज़ स्कूल जाना भावना के लिए चुनौती था, वही रास्ता अब उसे सपनों की मंज़िल तक ले जाएगा। रौरा के शासकीय हाईस्कूल में 9वी कक्षा में अध्ययनरत दिव्यांग बालिका कु. भावना पाल ने जब “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के शिविर में अपनी परेशानी रखी, तो उसे सिर्फ सुना ही नहीं गया, उसका समाधान भी हुआ। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर शिविर में ही उसका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बना और कुछ ही दिनों बाद उसे मोटराईज्ड ट्राइस्किल भी मिल गई। जब विभागीय अधिकारियों ने स्कूल पहुँचकर उसे यह ट्राइस्किल सौंपी, तो भावना की आँखें खुशी से छलक उठीं। यह सिर्फ एक वाहन नहीं था, यह उस भरोसे की जीत थी जो शासन और आम नागरिक के बीच “जन-विश्वास” के रूप में मजबूत हो रहा है।
“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत जब रौरा गाँव में जिला स्तरीय शिविर लगा, तो कु. भावना पाल ने हिम्मत जुटाकर अपनी व्यथा कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के सामने रखी। भावना की बात सुनकर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर में मौजूद मेडीकल बोर्ड के माध्यम से मौके पर ही भावना का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवा दिया। साथ ही सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों को उसे मोटराईज्ड ट्राइस्किल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गत शुक्रवार को विभागीय अधिकारी स्वयं रौरा के स्कूल पहुँचे और भावना को मोटराईज्ड ट्राइस्किल सौंपी। अपनी नई ट्राइस्किल को सामने देखकर भावना की आँखें नम हो गईं। उसके चेहरे की मुस्कान बता रही थी कि यह सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि उसके आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की सवारी है। भावना ने भावुक होकर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हम जैसे जरूरतमंदों की मदद करने के उद्देश्य से जन-विश्वास शिविर लगवा रहे हैं। अब हम आसानी से स्कूल पहुँचकर सुचारू रूप से अपनी पढ़ाई कर सकेंगे। ग्रामवासियों का कहना था कि भावना को मिली सहायता इस बात का प्रमाण है कि “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” केवल एक शिविर नहीं, बल्कि आमजन और शासन के बीच भरोसे का सेतु है।



