शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह आयोजन कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के निर्देशानुसार किया गया।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, कला, जीवनशैली तथा स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय नायकों के महत्वपूर्ण योगदान से परिचित कराना था। प्रदर्शनी में जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं उनके ऐतिहासिक योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव एवं ऐतिहासिक चेतना के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं।
प्रदर्शनी का अवलोकन IQAC प्रभारी डॉ. मनीषा जोशी, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी, चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. कुमकुम भारद्वाज, चित्रकला विभाग के प्राध्यापक डॉ. जितेन्द्र ठाकुर एवं डॉ. सुधीर कुमार छारी सहित अन्य प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने किया।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से महाविद्यालय में दिखाया जाएगा। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम जिला धार के बाग क्षेत्र से प्रसारित होगा।
इसी क्रम में 16 नवंबर को जनजातीय नायकों के योगदान एवं जनजातीय गौरव विषय पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएँ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इस प्रकार महाविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी एवं आगामी गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास तथा राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं निर्माण में जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान से परिचित कराने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।



