आगामी 1 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की सम्पूर्ण व्यवस्था के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत खण्डवा श्री ऐश्वर्य वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है।

सभी जिला मुख्यालयों पर स्थापना दिवस समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कृषि के क्षेत्र में जिलावार उत्कृष्ट कार्यों से सम्बद्ध कृषकों को जोड़कर जिले के कृषि उत्पादों का प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। शासन के निर्देश अनुसार जिला मुख्यालय पर स्थित प्रमुख शासकीय भवनों पर 1 नवम्बर की रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालयों एवं महावि‌द्यालयीन छात्र छात्राओं, शासकीय अधिकारी कर्मचारियों, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों एवं शहीद सैनिकों के परिवारजनों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।