शासकीय महाविद्यालय जौरा में विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन के लिए “विद्यार्थियों की रुचि एवं उनके करियर के विकल्पों पर परिचर्चा” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनकी व्यक्तिगत रुचि, कौशल एवं क्षमताओं के अनुरूप करियर का चयन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की रुचि और क्षमता अलग-अलग होती है। ऐसे में अपनी अभिरुचि के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर विद्यार्थी अपने लक्ष्य की दिशा में बेहतर प्रयास कर सकते हैं। परिचर्चा में पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीकी, व्यावसायिक एवं कौशल आधारित क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों पर भी जानकारी दी गई। प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. जितेन्द्र कुमार साकेत के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करियर से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं रखीं, जिनका वक्ताओं ने समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं मार्गदर्शन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. विनोद कुशवाह, प्रो. प्रफुल्ल चंद्र भौमिक, डॉ. यदुनंदन उपाध्याय, डॉ. अंकिता मिश्रा, श्री उदयभान सिंह यादव, डॉ. नीलम राजपूत, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सुधीर कुमार पाठक, श्री ब्रजेश कुमार शक्य, श्री हेमंत पाराशर एवं श्री प्रशांत शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की रुचि एवं करियर विकल्पों पर शासकीय महाविद्यालय जौरा में परिचर्चा आयोजित

विद्यार्थियों को रुचि, कौशल और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने के लिए किया प्रेरित
झन्नाट डेस्क · 29 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


