धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज 15 नवंबर को सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा, वीर गाथाओं एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से याद किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री नीलेश उइके, श्री संदीप मोहोड़, श्री नानाभाऊ मोहोड़, श्री संदीप घाटोड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री उमेश सातनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई जनजातीय संस्कृति एवं वीर गाथाएं
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जनजातीय लोकनृत्य एवं आदिवासी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष एवं उनके योगदान को गीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा। अनुसूचित जनजाति छात्रावास के विद्यार्थियों तथा सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वीर टंट्या मामा की गौरवगाथा पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति दी। शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने ' रखे तीर कमान ', ' महुआ झरे ' एवं ' हामी आदिवासी रे ' जैसे जनजातीय गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर जनजातीय परंपराओं, प्रकृति से जुड़ाव और सामुदायिक जीवन की झलक प्रदर्शित की।
स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किया लाभ
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए लाभ वितरित किए गए। मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम, पांढुर्णा द्वारा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्रीमती प्रियंका भलावी, पांढुर्णा को कपड़ा व्यवसाय के लिए 7 लाख रुपये तथा श्रीमती रोशनी धुर्वे, पांढुर्णा को फोटो स्टूडियो व्यवसाय के लिए 1 लाख 47 हजार 500 रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत श्री श्यामराव धुर्वे एवं श्री चंद्रभान उइके, ग्राम ढोलनखापा को किराना दुकान संचालन के लिए 80-80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का लाभ वितरित किया गया। योजनाओं के माध्यम से जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उद्बोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा और सुना गया। जिला धार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर श्री संदीप मोहोड़ ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में जनजातीय समाज को अत्याचारों से मुक्त कराने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें प्रकृति, पर्यावरण एवं अपनी संस्कृति की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का तीर-कमान के साथ किया गया संघर्ष जनजातीय समाज के स्वाभिमान, साहस और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय वीर नायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की वीर गाथाएं भारत की गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा, वीर टंट्या मामा एवं रानी दुर्गावती जैसे महान जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान मिल रही है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज ने सदैव अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाकर देश को संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा दी है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रमों के आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी गौरवशाली विरासत और जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण कर रहा है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के विस्तार के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पीएम जनमन सहित जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों, आवास, आयुष्मान भारत योजना, मुद्रा योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों को मिल रहे लाभों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। जनजातीय कार्य विभाग, पांढुर्णा द्वारा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा फल एवं सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पांढुर्णा की ओर से स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों एवं स्थानीय आजीविका गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। इसमें हैंडलूम, रंगोली, मूंग, बरबटी, तुअर दाल, उड़द, ज्वार, चना, हल्दी, धनिया, मिर्च, शहद, पापड़ एवं अचार सहित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।
शहरी आजीविका मिशन, नगर पालिका पांढुर्णा द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित फल, सब्जियां, टमाटर एवं मूंगफली तेल सहित विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना पांढुर्णा द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत माताओं एवं बच्चों के पोषण, संतुलित आहार तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रदर्शनी का विधायक श्री नीलेश उइके, श्री संदीप घाटोड़े एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉल पर प्रदर्शित उत्पादों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभागीय गतिविधियों की सराहना की।
राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन, निकाली गई जनजागरण रैली
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जनजागरण रैली निकाली गई। रैली नगर के बस स्टैंड स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से होकर पुनः सांदीपनि विद्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। रैली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर, विधायक श्री नीलेश उइके, श्री संदीप मोहोड़, श्री संदीप घाटोड़े, श्री अनिल कुमरे, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अलका एक्का, तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


