जिला रोजगार कार्यालय राजगढ़ द्वारा जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 अक्टूबर, 2026 को जिला स्तरीय युवा संगम का आयोजन किया जाएगा। युवा संगम प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय आईटीआई ब्यावरा के नवीन भवन, इंदौर हाईवे, ब्यावरा में आयोजित होगा। युवा संगम में लगभग 8 कंपनियां भाग लेंगी। विभिन्न रोजगार क्षेत्रों जैसे इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, प्रोडक्शन, एग्रीकल्चर, सिक्यूरिटी गार्ड, फर्टिलाइजर एवं होटल मैनेजमेंट आदि में 600 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध हैं। चयनित युवाओं को संबंधित पद के अनुसार 13 हजार से 22 हजार रुपये तक वेतन प्राप्त हो सकता है।
मेले में 10वीं से स्नातक तथा आईटीआई, डिप्लोमा एवं डिग्री उत्तीर्ण 18 से 30 वर्ष आयु के इच्छुक युवा अपनी योग्यता एवं कंपनियों की मांग के अनुसार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। रोजगार के इच्छुक आवेदकों से अपील की गई है कि युवा संगम में शामिल होने से पूर्व रोजगार विभाग के पोर्टल पर अपना रोजगार पंजीयन अवश्य कराएं। युवा संगम में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह आयोजन पूर्णतः निःशुल्क है। युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।


