राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ विकासखंड के ग्राम मानपुरा देव की स्वसहायता समूह की दीदियां सब्जी उत्पादन के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूह की दीदियां अपने खेतों में विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर आसपास के बाजारों के साथ भोपाल सब्जी मंडी में भी थोक में सब्जियां बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रही हैं। ग्राम मानपुरा देव की गतिविधि समूह की दीदी श्रीमती कीरन कुशवाह द्वारा अपने खेत में लगभग 10 बीघा जमीन पर आधुनिक तरीके से सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। उनके खेत में टमाटर, मिर्च, ककड़ी, गिलकी, लौकी, शिमला मिर्च, कद्दू, चना फली सहित विभिन्न प्रकार की सब्जियां उगाई जा रही हैं। दीदी द्वारा पॉली मल्चिंग तकनीक अपनाकर आधुनिक तरीके से सब्जी उत्पादन किया जा रहा है।

ग्राम मानपुरा देव में स्वसहायता समूह के 17 समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 170 दीदियां जुड़ी हुई हैं। गांव की सभी दीदियां अपने-अपने घरों एवं खेतों में सब्जी उत्पादन का कार्य कर रही हैं। सब्जियों को स्थानीय बाजारों के साथ भोपाल की सब्जी मंडी में भी थोक में विक्रय किया जाता है। इस कार्य से एक दीदी को लगभग 30 से 40 हजार रुपये तक की मासिक आमदनी हो रही है। ग्राम मानपुरा देव की स्वसहायता समूह की दीदियां आधुनिक तरीके से सब्जी उत्पादन कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।