बाल दिवस के अवसर पर नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह ने किया।
इस अवसर पर श्री कुशवाह ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान के विभिन्न मॉडलों एवं नवाचारों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, मादक पदार्थों से दूर रहने, बाल अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 से 27 नवंबर तक नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पाक्षिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, विद्यालय के प्राचार्य श्री शिवम त्यागी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


