सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विकसित भारत की थीम पर निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत-2047 की अपनी परिकल्पना को शब्दों एवं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत-2047 कैसा होगा तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं का क्या योगदान होना चाहिए, विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, रोजगार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक विकास सहित विभिन्न विषयों पर अपनी सोच प्रस्तुत की।

इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। रंगों और चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऐसे भारत की कल्पना को दर्शाया, जो आधुनिक, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, शिक्षित एवं समृद्ध हो।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपनी सोच व्यक्त करने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में सहभागिता करते हुए अपने विचारों एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।