राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरण समारोह में शहडोल संभाग का गौरव बढ़ा। लोक शिक्षण संभाग शहडोल में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री उमेश कुमार धुर्वे को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने राज्य स्तरीय मंच पर प्रदान किया।
विभागीय कार्यों के समय-सीमा में निराकरण पर मिला सम्मान
संयुक्त संचालक श्री उमेश कुमार धुर्वे को यह सम्मान आयुक्त लोक शिक्षण के मार्गदर्शन में संभाग के अंतर्गत विभागीय कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की विभिन्न प्राथमिक एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।
उनके नेतृत्व में क्रमोन्नति, पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। विभागीय कार्यों में प्रशासनिक दक्षता, समयबद्धता तथा कर्मचारियों से जुड़े प्रकरणों के समाधान को प्राथमिकता दी गई। इन प्रयासों से विभागीय व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहायता मिली।
संभाग भर में हर्ष, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दी बधाई
राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि से शहडोल संभाग के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी शहडोल श्री अतुल चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी उमरिया श्री भूपेंद्र बरकड़े, जिला शिक्षा अधिकारी अनूपपुर श्री तुलाराम आर्मो सहित संयुक्त संचालक कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा शहडोल संभाग के सभी प्राचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों ने श्री उमेश कुमार धुर्वे को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
स्थापना प्रभारी रावेन्द्र सिंह कंवर का रहा विशेष योगदान
उल्लेखनीय है कि विभागीय प्रकरणों एवं प्रशासनिक कार्यों को समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित तैयार करने और उनके क्रियान्वयन में संयुक्त संचालक कार्यालय के स्थापना प्रभारी श्री रावेन्द्र सिंह कंवर, सहायक ग्रेड-3, का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। इस उपलब्धि को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीम भावना, आपसी समन्वय और समर्पित कार्यशैली का परिणाम बताया।
राज्य स्तरीय मंच पर मिला यह सम्मान लोक शिक्षण संभाग शहडोल के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि विभागीय कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


