जिले की मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे दूरस्थ ग्राम पंचायत वनसुकुली में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही निराकरण करने के उद्देश्य से जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक श्री शरद कोल, आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक श्री शरद कोल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर जनसमस्याओं का निराकरण करना सरकार की मंशा है। इसी उद्देश्य से जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
आयुक्त श्रीमती सुरभि गुप्ता ने कहा कि जन विश्वास शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही निराकरण किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कहा कि आमजन को बुनियादी सुविधाओं, रोजगार तथा आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिविर में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 117 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 76 आवेदनों का निराकरण किया गया। ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से राजस्व, पेंशन, पंचायत, पात्रता पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं रखी गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर निराकरण की कार्यवाही की गई।
शिविर में पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही पेंशन योजना एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्व-सहायता समूहों को ऋण सीमा उपलब्ध कराई गई तथा राजस्व विभाग की योजनाओं के हितग्राहियों को भी अतिथियों द्वारा लाभान्वित किया गया।
ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए शिविर स्थल पर जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था की गई। साथ ही आधार शिविर के माध्यम से आधार कार्ड बनाने तथा ई-केवाईसी का कार्य भी किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, सीईओ जनपद पंचायत सुश्री शिवानी जैन, एपीओ श्री अनुराग निगम सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



