उमरिया 17 नवंबर -प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय रणविजय प्रताप सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तीन दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच है।

उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से उत्सव में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. विमला मरावी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के बल पर महाविद्यालय स्तर से जिला, संभाग एवं राज्य स्तर तक पहुँचकर अपने महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।युवा उत्सव के प्रथम दिवस सांगीतिक एवं सांस्कृतिक विधाओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक विधाओं का आयोजन रानी सिंह के संयोजन में तथा सांगीतिक विधाओं का आयोजन डॉ. विमला मरावी के संयोजन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का संचालन ऋषि राज पुरवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अरविंद शाह बडकरके, रमेश प्रसाद कोल, संध्या कुशवाहा, जितेन्द्र कुमार, रश्मि सिंह, पिंकी सोमकुंवर, रश्मि रानी तिवारी,. मनीष मिश्रा, सतीश वर्मा, मुजीब उल्ला शेख, सौरभ पाण्डे, प्रियंका दाहिया, मोहम्मद शकील मंसूरी सहित महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।